दलित महिला का रास्ता रोकने का आरोप, पीड़िता ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार।
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संत कबीर नगर-
आज दिनांक 5 अक्टूबर 2026 को जनपद के मेहदावल थाना क्षेत्र अंतर्गत सांड़े खुर्द गांव से एक दलित महिला का रास्ता दबंगों द्वारा बंद किए जाने का मामला सामने आया है।
आप को बताते चले कि ग्राम व पोस्ट सांड़े खुर्द तहसील व थाना मेहदावल की निवासी मुदुरा पत्नी भोला ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि वह एक असहाय और दलित वर्ग की महिला हैं। उनका आरोप है कि गांव व पड़ोस के ही दबंग किस्म के लोगों द्वारा साज़िश के तहत उनके आने-जाने का मुख्य रास्ता बंद कर दिया गया है।
पीड़िता के अनुसार, रास्ता बंद होने के कारण उन्हें और उनके पूरे परिवार को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले उन्होंने इस संबंध में थाना मेहदावल और तहसील मेहदावल में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन स्थानीय प्रशासन द्वारा अब तक रास्ता नहीं खुलवाया गया है।
स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई न होने के बाद पीड़िता ने जिलाधिकारी महोदया संत कबीर नगर के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, रास्ता बंद करने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उनके आवागमन हेतु बंद पड़े रास्ते को तत्काल बहाल कराने की मांग की है।
इस मामले को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी अनुज मालिक द्वारा उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
