विश्राम घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, छठी मइया के जयकारों से भक्तिमय हुआ वातावरण!
सुहाग की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली के लिए महिलाओं ने रखा व्रत !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच !
नगर पंचायत रिसिया के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल विश्राम घाट स्थित सरयू तट पर छठ महापर्व के अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठ पूजा के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं ने सरयू तट पर पहुंचकर पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान सूर्य की आराधना की। सूर्यास्त के समय अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर महिलाओं ने छठी मइया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और सुहाग की दीर्घायु की कामना की।
छठ महापर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने श्रद्धा और निष्ठा के साथ व्रत रखकर पूजा की तैयारियां कीं। शाम होते ही विश्राम घाट पर पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। पारंपरिक पूजा सामग्री और फल-फूल से सजे सूप के साथ महिलाओं ने सरयू तट पर खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा।

मान्यता है कि छठ महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मइया की उपासना करने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है। इसी आस्था के साथ महिलाओं ने पूरी श्रद्धा से पूजा-अर्चना कर परिवार के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। विश्राम घाट पर छठ पूजा का यह दृश्य धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश देता नजर आया।
महेश अग्रवाल ने बताया कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और लोक परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मइया के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण का संदेश देता है। छठ पूजा में महिलाएं अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और सुहाग की दीर्घायु के लिए कठिन व्रत रखती हैं। उन्होंने कहा कि विश्राम घाट स्थित सरयू तट पर छठ पूजा का आयोजन क्षेत्र की धार्मिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना बढ़ती है।

इस मौके पर निशा अग्रवाल, श्रुति बंसल, निशा बंसल, पूनम अग्रवाल, सरोज शर्मा, मुन्नी शर्मा, प्राची शर्मा, सीता, निशु अग्रवाल, कल्याणी, मोना गुप्ता, महेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, आशीष बंसल, राजेश निगम, अशोक कुमार शर्मा, रितिक भारतीय, सनी वैश्य, समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
