DM ने केरमुआ में निर्माणाधीन वृद्धाश्रम का किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश !
संत कबीर नगर।
जिलाधिकारी अनुज मलिक ने शनिवार को खलीलाबाद विकासखंड क्षेत्र के ग्राम केरमुआ में निर्माणाधीन वृद्धाश्रम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया और कार्यदाई संस्था यूपीपीसीएल (UPPCL) को निर्धारित समयावधि के भीतर मानक के अनुरूप कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने भवन के नक्शे और ले-आउट का अवलोकन किया। परियोजना प्रबंधक अजय प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वृद्धाश्रम भवन का मुख्य स्ट्रक्चर कार्य पूर्ण कर लिया गया है और वर्तमान में प्लास्टर तथा फर्श बिछाने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट के लिए अवशेष धनराशि की मांग शासन से की गई है; धनराशि प्राप्त होते ही शेष निर्माण कार्य आगामी दो माह के भीतर पूरी तरह संपन्न करा दिया जाएगा।

जिलाधिकारी अनुज मलिक ने कार्यदाई संस्था को स्पष्ट हिदायत दी कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी कार्य तय मानकों के अनुसार ही किए जाएं। निरीक्षण के समय परियोजना प्रबंधक अजय प्रताप सिंह, सहायक परियोजना प्रबंधक दिलीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
