छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीएम और एसपी ने घाटों का किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्था के दिए कड़े निर्देश
संत कबीर नगर।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी अनुल मलिक एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जनपद के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
इन प्रमुख घाटों का हुआ निरीक्षण –
अधिकारीद्वय ने पक्का पोखरा, मोतीपुर/चीनी मिल तिराहा, मगहर और बालूशासन स्थित छठ घाटों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात और पार्किंग प्रबंधों की बारीकी से जांच की।

सुरक्षा और निगरानी पर विशेष जोर –
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए:
पुलिस बल और गोताखोरों की तैनाती: सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस कर्मी और सादे वस्त्रों में जवानों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर मजबूत बैरिकेडिंग करने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा गोताखोरों, नाविकों व बचाव दल को सतर्क रखने को कहा गया है।

सीसीटीवी और खोया-पाया केंद्र: संवेदनशील स्थानों और प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। साथ ही, भीड़ में गुम होने वाले बच्चों व बुजुर्गों की तत्काल मदद के लिए प्रत्येक प्रमुख घाट पर ‘खोया-पाया केंद्र’ स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात व मूलभूत सुविधाएं: टीएसआई को प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने और निर्धारित स्थलों पर ही पार्किंग सुनिश्चित कराने को कहा गया है ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा न हो। घाटों पर पेयजल, प्रकाश और स्वच्छता की पूरी व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

ये अधिकारी रहे मौजूद –
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, एसडीएम खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, सीओ खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, बीडीओ बघौली अर्जित प्रकाश, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे, टीएसआई परमहंस सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
