धनघटा- थाना समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनी जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश ।
संतकबीरनगर |
जनपद में जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से आज थाना धनघटा में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया और फरियादियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना।
राजस्व और पुलिस समन्वय पर जोर –
सुनवाई के दौरान डीएम और एसपी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दोनों विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि हर शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिकायत पंजिका का निरीक्षण और फीडबैक –
कार्यक्रम के दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने थाने की शिकायत पंजिका (रजिस्टर) का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही, पहले निस्तारित हो चुकी शिकायतों के संबंध में फोन या अन्य माध्यमों सेे संबंधित शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया गया ताकि कार्यप्रणाली में और पारदर्शिता लाई जा सके।
इस समाधान दिवस पर प्रभारी निरीक्षक थाना धनघटा श्री अजय कुमार सिंह सहित राजस्व और पुलिस विभाग के तमाम अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
