महिलाओं पर चाकू से हमला करने वाला आरोपित 12 घंटे में गिरफ्तार
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी किया बरामद, तीन टीमों को लगाया गया था गिरफ्तारी के लिए !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र में घर में घुसकर महिलाओं पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 14/15 नवंबर की रात दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र में एक युवक ने कुछ युवतियों और महिलाओं पर चाकू से हमला कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 488/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्र के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दरगाह शरीफ अमितेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 नवंबर को वांछित आरोपित अरजान कुरैशी (23) पुत्र अब्दुल कलाम कुरैशी उर्फ मुन्ना निवासी मोहल्ला बीबी जोहरा बाग को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। उसके विरुद्ध दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ाई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2020 में छेड़छाड़, मारपीट, धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमितेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अमरनाथ, महेशचंद उपाध्याय, हेड कांस्टेबल सुधाकर शर्मा तथा कांस्टेबल नवीन कुमार पांडेय और अनुराग शर्मा शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपित को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजा गया।
