रिसिया में सियार का कहर, घर के बाहर खेल रहे मासूमों पर किया हमला !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच !
खेत-खलिहान खाली होते ही जंगली जानवरों ने गांवों की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। थाना रिसिया क्षेत्र में सियार के हमले से एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। हमले में चार बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम थाना रिसिया के परसा कोदी खां गांव में घर के बाहर खेल रहे डेढ़ वर्षीय इरफान और चार वर्षीय रेहान पर सियार ने हमला कर दिया। दोनों बच्चों को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिसिया पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इस घटना के कुछ देर बाद ग्राम कटहना से मैय्यत में शामिल होकर लौट रही 25 वर्षीय मुन्नी बेगम पर भी सियार ने हमला कर दिया। इसी दौरान 15 वर्षीय शाहबाज और चार वर्षीय शकरुन्निशा को भी सियार ने काटकर घायल कर दिया। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिसिया में एंटी रेबीज का टीका लगाया गया।

बताया जाता है कि घायलों के परिजन गांव के बाहर खेतों के किनारे मकान बनाकर रहते हैं। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के हमलों से बचाव के लिए सतर्कता बढ़ाने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
