मेंहदावल की हृदयविदारक घटना के घायलों के लिए मसीहा बने हेड कांस्टेबल, मेडिकल कॉलेज पहुंचकर किया रक्तदान !
संतकबीरनगर |
जनपद के थाना मेंहदावल क्षेत्र के ग्राम जमोहरा में हाल ही में हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना में दो लोगों की मृत्यु हो गई है, जबकि कुछ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।
इस कठिन समय में संतकबीरनगर पुलिस का एक मानवीय और सराहनीय चेहरा सामने आया है। इलाज के दौरान जब घायलों के लिए खून (रक्त) की सख्त जरूरत पड़ी, तो थाना मेंहदावल पर तैनात हेड कांस्टेबल अनिल कुमार चौहान फरिश्ता बनकर आगे आए। उन्होंने तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचकर रक्तदान किया, जिससे घायलों के उपचार में समय पर मदद मिल सकी।

परिजनों ने की सराहना –
हेड कांस्टेबल अनिल कुमार चौहान के इस त्वरित और संवेदनशील प्रयास की घायल व्यक्तियों के परिजनों ने खुले दिल से सराहना की है और उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।
मानवीयता की मिसाल बनी संतकबीरनगर पुलिस-
पुलिस विभाग हमेशा से कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए जाना जाता है, परंतु इस प्रकार की घटनाएं यह साबित करती हैं कि खाकी वर्दी के पीछे एक संवेदनशील इंसान भी धड़कता है। हेड कांस्टेबल अनिल कुमार चौहान का यह कदम पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को बखूबी दर्शाता है।
संतकबीरनगर पुलिस ने इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की है।
