जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला खनिज न्यास निधि की बैठक आयोजित, विकास कार्यों की हुई समीक्षा!
खनन प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराए जाने पर दिया गया ज़ोर !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 16 नवम्बर।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मा. जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला खनिज न्यास निधि के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से कराए जा रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सड़क, ग्रामीण अवस्थापना तथा जनसामान्य को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने खनन प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराए जाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। कार्यों के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं वित्तीय नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, विधायक कैसरगंज आनन्द यादव, भाजपा जिला महामंत्री रणविजय सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच सुन्दरेशा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
