खलीलाबाद के बैरमपुर स्थित स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को सिखाए गए सड़क सुरक्षा के नियम !
संतकबीरनगर।
यातायात माह नवंबर-2026 के तहत जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान जारी है। इसी कड़ी में खलीलाबाद क्षेत्र के बैरमपुर स्थित सरदार पटेल उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात श्री अमित कुमार के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी श्री परमहंस ने विद्यालय के विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सड़क पर बाईं ओर चलने, दाएं-बाएं देखकर सुरक्षित सड़क पार करने, यातायात संकेतों व सिग्नल का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया में सीट बेल्ट लगाने के बारे में बताया गया।

इसके साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की भी सलाह दी गई। यातायात पुलिस ने छात्रों से कहा कि नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और वे खुद सुरक्षित रहने के साथ अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
इस मौके पर हे0का0 आनंद मोहन सिंह, हे0का0 जितेंद्र विश्वकर्मा, का0 नीतीश पटेल समेत विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षकगण मौजूद रहे। अंत में पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित रहने की अपील की।

