जमीन विवाद को लेकर महिला ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार, दबंगों पर फसल नष्ट करने और जमीन कब्जाने का आरोप।
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संतकबीरनगर।
आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को जनपद में जमीन विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां दुधारा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने कुछ लोगों पर जमीन पर कब्जा करने, फसल नष्ट करने और दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रस्सा कला निवासी जन्ततुनिशा पत्नी अब्दुल जौहर ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि गांव में स्थित कृषि भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि करीब 22 वर्ष पूर्व जमीन के एक हिस्से का सौदा तय हुआ था और इसके एवज में धनराशि भी निर्धारित की गई थी।
प्रार्थना पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि संबंधित भूमि पर उसके अधिकार और कब्जे को लेकर विवाद उत्पन्न किया जा रहा है। आरोप है कि विपक्षी पक्ष द्वारा जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। इतना ही नहीं, खेत में लगी फसल को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने के बावजूद अब तक उसे न्याय नहीं मिल सका है। प्रार्थना पत्र में विपक्षी पक्ष पर राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करने और दबाव बनाने की बात भी कही गयी।
पीड़िता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, राजस्व अभिलेखों एवं भूमि की स्थिति का सत्यापन कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि जिलाधिकारी के स्तर से इस शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।
