चांदपार में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला, फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव।
हरपुर बुदहट, गोरखपुर।
थाना हरपुर बुदहट क्षेत्र के ग्राम चांदपार में गुरुवार सुबह 19 वर्षीय युवती उजाला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, उजाला रात में अपने कमरे में थी। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
मौके पर फील्ड यूनिट और वीडियोग्राफी टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
