PET-2026 परीक्षा को पारदर्शी व सकुशल कराने के लिए DM अनुज मलिक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न ।
25, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होगी PET-2026 परीक्षा, जनपद में बने 8 केंद्र ।
सीसीटीवी एक्टिव रखने और जनरेटर बैकअप के निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई ।
संत कबीर नगर।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुचितापूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुज मलिक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) सत्य प्रकाश और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
3 दिनों में 6 पालियों में आयोजित होगी परीक्षा, बने 08 केंद्र –
बैठक के दौरान अवगत कराया गया कि आयोग (विज्ञापन संख्या-16-परीक्षा/2026) के तहत PET-2026 की लिखित परीक्षा का आयोजन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 01 नवंबर 2026 को किया जाएगा। प्रत्येक दिन परीक्षा दो पालियों (प्रथम पाली: सुबह 10:00 से दोपहर 12:00 बजे तक एवं द्वितीय पाली: दोपहर 03:00 से शाम 05:00 बजे तक) में संपन्न होगी। कुल 6 पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए जनपद संत कबीर नगर में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
CCTV और जनरेटर एक्टिव रखने के सख्त निर्देश –
जिलाधिकारी अनुज मलिक ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान सभी कमरों के सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहने चाहिए। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर को हमेशा एक्टिव मोड में रखा जाए, ताकि बिजली जाने पर भी सीसीटीवी बंद न हों। साथ ही, उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों के मार्गों का पूर्व निरीक्षण करने के निर्देश दिए ताकि केंद्र पर पहुंचने में किसी प्रकार का विलंब न हो।

परीक्षा परिसर में मोबाइल व आईटी गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित –
परीक्षा की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए केंद्र परिसर में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और अन्य आईटी गैजेट्स ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। अभ्यर्थियों की गहन तलाशी के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव, संचरण और अनुचित साधनों (नकल) के प्रयोग को रोकने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था और सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर –
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने सोशल मीडिया और भ्रामक अफवाहों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं और चेतावनी दी है कि किसी भी संदेहास्पद गतिविधि पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित –
समीक्षा बैठक में उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) राजकुमार, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार, केंद्र व्यवस्थापक डॉ. सबीहा मुमताज, अरुण कुमार ओझा, सुमन त्रिपाठी, अख्तर यूनुस खान सहित समस्त सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
