PET परीक्षा को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन अलर्ट, DM और SP ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
संतकबीरनगर |
जनपद में आगामी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज तथा एच.आर.पी.जी. कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर तैयारियों व सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा –
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रवेश व निकास मार्ग तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

परीक्षा की शुचिता से समझौता नहीं: डीएम
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को पूर्ण सतर्कता बरतने की ताकीद की गई। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए।
यातायात व सुरक्षा के कड़े इंतजाम –
अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्रों के आसपास सुगम यातायात व्यवस्था और मजबूत सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शासन तथा परीक्षा प्राधिकरण द्वारा जारी गाइडलाइंस का कड़ाई से अनुपालन कराने पर जोर दिया गया, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित बनी रहे।
