ऐतिहासिक धरोहर का भव्य पुनरुद्धार: कुआनो तट स्थित प्राचीन ‘बाबा बैजूनाथ धाम’ के नव-निर्माण की रूपरेखा तैयार ।
Oplus_2228224
संतकबीरनगर |
कुआनो नदी के पावन तट पर स्थित और क्षेत्र के लाखों श्रद्धालुओं की असीम आस्था के केंद्र बसवारी गांव के प्राचीन बाबा बैजूनाथ मंदिर के भव्य नव-निर्माण तथा जीर्णोद्धार को लेकर आज एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में धनघटा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री गणेश चन्द्र चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनके मार्गदर्शन में मंदिर के कायाकल्प की रूपरेखा तैयार की गई।
भव्य पुनरुद्धार और आगामी तैयारियों पर मंथन –
बैठक के दौरान बाबा बैजूनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष विवेक राय, मंत्री गगन राय, सदस्य जीतेंद्र राय, धीरज राय एवं मेला समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश राय सहित क्षेत्र के तमाम प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। बैठक में आगामी 21 नवंबर को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों और मंदिर के निर्माण कार्य की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक गणेश चन्द्र चौहान ने दी पूर्ण सहयोग की प्रतिबद्धता –
इस अवसर पर विधायक श्री गणेश चन्द्र चौहान ने कहा कि बाबा बैजूनाथ जी का यह दरबार हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस पावन धाम के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। समाज के हर वर्ग के सहयोग से मंदिर परिसर का सुदृढ़ीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार पूरी गुणवत्ता के साथ तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि बाबा बैजूनाथ जी की असीम अनुकंपा और क्षेत्रवासियों के अपार स्नेह से यह पावन धाम जल्द ही एक अत्यंत भव्य और अलौकिक स्वरूप में श्रद्धालुओं के समक्ष होगा। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इस ऐतिहासिक धरोहर को संवारने का यह संकल्प क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
