बहराइच- रिसिया में शिक्षक एमएलसी चुनाव में 79.60 प्रतिशत मतदान, पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद !
दोपहर बाद विपक्षी खेमे के स्टॉल पर कम दिखे कार्यकर्ता, शाम चार बजे संपन्न हुई मतदान प्रक्रिया !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार को रिसिया ब्लॉक सभागार में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। यहां कुल 59 मतदाताओं में से 47 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल 79.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरे दिन मतदान केंद्र पर शांति बनी रही। शाम चार बजे मतदान प्रक्रिया समाप्त हो गई।
मतदान की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार सदर अनिरुद्ध कुमार पूरे दिन सक्रिय रहे। वहीं, ब्लॉक परिसर में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी बीडीओ सचिन कुमार भारतीय ने संभाली। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रभारी निरीक्षक रिसिया करुणाकर पाण्डेय पुलिस बल के साथ पूरे दिन मुस्तैद रहे।

मतदान केंद्र के बाहर सुबह से ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने स्टॉल लगा रखे थे। दोपहर तक दोनों पक्षों के कार्यकर्ता अपने-अपने खेमों में सक्रिय नजर आए। हालांकि, दोपहर बाद विपक्षी खेमे के स्टॉल पर कार्यकर्ताओं की संख्या कम होती दिखाई दी, जबकि सत्ता पक्ष के कार्यकर्ता शाम तक मौजूद रहे।
सत्ता पक्ष की ओर से लगाए गए स्टॉल पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुंवर करन वीर सिंह, डॉ राजू निगम, महेश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, हेमंत वर्मा, अशोक कुमार शर्मा, करनवीर सिंह के सहयोगी बिपुल बाबा, हलीम अहमद, नन्हे लाल लोधी, धर्मेंद्र सिंह राठौर, रिखेश्वर प्रसाद, जय प्रकाश अग्रहरी, सहित तमाम कार्यकर्ताओं के साथ शाम तक डटे रहे।
मतदान के दौरान कुल 59 मतदाताओं के सापेक्ष 47 मत पड़े, जबकि 12 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके। जानकारी के अनुसार, जिले से बाहर रहने वाले कुछ मतदाता मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पाए। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
