गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन: संतकबीरनगर में 86.30% मतदान, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न हुआ चुनाव
संतकबीरनगर |
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (विधान परिषद) द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत जनपद संतकबीरनगर में मतदान प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी अनुज मलिक के कुशल निर्देशन में जनपद के सभी 07 मतदान केंद्रों पर सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक उत्साहजनक माहौल में मतदान हुआ। जनपद में कुल 86.30 प्रतिशत शिक्षकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

डीएम और एसपी रहे लगातार भ्रमणशील –
चुनाव को सकुशल और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना दिनभर मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता के पालन और कानून-व्यवस्था का निरन्तर निरीक्षण किया। इसके साथ ही, दोनों अधिकारी जिला मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम से भी पल-पल की जानकारी लेते रहे।

जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की रही पैनी नजर –
भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के लिए तैनात जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करते रहे। आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार पूरी मतदान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरा कराया गया।

मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच सील कर निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। जिला प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी मतदाताओं और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
