बहू बेटी सम्मेलन कर पुलिस ने किया अभिनव पहल।
मगहर – संतकबीर नगर ।
मगहर स्थित संत कबीर अकादमी के प्रेक्षागृह में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक दिवसीय “बहू-बेटी सम्मेलन” कार्यशाला का भव्य आयोजन सोमवार को किया गया। गोरखपुर जोन की इस अभिनव पहल का उद्देश्य घरेलू हिंसा, बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव और अन्य सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी रोक लगाना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद रहे।

कार्यशाला में बताया गया कि “बहू-बेटी सम्मेलन” को थाना स्तर पर मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। यूनिसेफ़ के तकनीकी सहयोग से गोरखपुर, महाराजगंज, संतकबीरनगर और बलरामपुर जिलों में इसे एक मॉडल सुरक्षा तंत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इस दौरान घरेलू हिंसा, दहेज हत्या, यौन अपराध, कन्या भ्रूण हत्या और बाल विवाह जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे स्टॉकिंग, बुलिंग और मॉर्फिंग जैसे साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यशाला में बहु-विभागीय समन्वय पर विशेष जोर देते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, महिला कल्याण और बाल संरक्षण विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई। ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर जागरूकता सत्र आयोजित करने, वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा मानसिक और किशोर स्वास्थ्य सेवाओं को सुरक्षा तंत्र से जोड़ने पर भी चर्चा हुई।
