विस्थापित परिवारों के लिए विकसित किये जा रहे स्मार्ट ग्राम भरतपुर का प्रभारी मंत्री ने किया निरीक्षण
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 20 अगस्त।
प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा की गई घोषणा के अनुपालन में कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार की गोद में बसे जनपद के दूरस्थ ग्राम भरथापुर के विस्थापित परिवारों के लिए ग्राम सेमरहना में विकसित किये जा रहे स्मार्ट गांव भरतपुर का मा. राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग/प्रभारी मंत्री जनपद बहराइच दिनेश प्रताप सिंह स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ग्राम्य विकास, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, जल निगम, बाल विकास एवं पुष्टाहार व बेसिक शिक्षा सहित अन्य सम्बन्धित विभाग भरथापुर ग्राम के विस्थापित परिवारों के लिए सभी सुविधाओं से सुसज्जित स्मार्ट ग्राम का निर्माण करने की दिशा में निरन्तर अग्रसर हैं।

भरतपुर के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आवासीय भवनों का निर्माण कार्य लिन्टर स्तर तक पूर्ण कर लिया गया है। विद्युत विभाग द्वारा खम्भे लगाकर विद्युत लाईने बिछाकर विद्युत आपूर्ति से ग्राम को आच्छादित किया जा चुका है। जबकि लोक निर्माण विभाग द्वारा आंतरिक गलियों के प्रथम फेज अन्तर्गत मिट्टी भराई के उपरान्त गिट्टी डालकर रोड रोलर से कमपैक्शन का कार्य पूर्ण कर रोड़ का निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य सम्बन्धित विभागों द्वारा भी ग्राम में सुविधाओं का विकास तेज़ी के साथ किया जा रहा है। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मा. मुख्यमंत्री जी की मंशानुरूप स्मार्ट ग्राम के विकास में होने वाले कार्यों को पूरी गुणवत्ता एवं मानक के साथ समयबद्धता के साथ पूर्ण करें।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, विधायक बलहा सरोज सोनकर, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत, विधायक बलहा प्रतिनिधि आलोक जिंदल, उप जिलाधिकारी मिहींपुरवा (मोतीपुर) मोनालिसा जौहरी, अधि.अभि. लो.नि.वि. प्रा.ख. प्रदीप कुमार, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार, जिला उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी सहित अन्य विभागों के अधिकारी, मण्डल अध्यक्ष संजय मौर्या, भूरे प्रसाद मौर्य, प्रधान प्रीतम निषाद व राजेश गुप्ता, मीडिया प्रभारी प्रफुल्ल जायसवाल मौजूद रहे।
