देर रात आग की लपटों से मचा हड़कंप, मोहल्लेवासियों ने मिलकर पाया काबू !
परिजनों के जागने से टली अनहोनी, सभासद प्रतिनिधि और मोहल्लेवासियों ने मिलकर आग पर पाया काबू !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
नगर के रविदास नगर मोहल्ले में बीती रात एक मकान के कमरे में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर कमरे में रखा फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, गल्ला और कीमती कपड़े समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। गृहस्वामी के अनुसार, आग से करीब तीन से चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, परिजनों के समय रहते जाग जाने से कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, रविदास नगर निवासी मनमोहन पुत्र हरिराम गुप्ता के मकान के एक कमरे में देर रात अचानक आग लग गई। उस समय परिवार के सभी लोग घर में सो रहे थे। कुछ देर बाद परिजनों की आंख खुली तो पीछे वाले कमरे से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी।

शोर सुनकर सभासद प्रतिनिधि अकराम अली मोहल्ले के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कमरे में रखा घरेलू सामान जल चुका था।
गृहस्वामी मनमोहन गुप्ता ने बताया कि आग से करीब तीन से चार लाख रुपये कीमत का सामान नष्ट हो गया है। जिस कमरे में आग लगी थी, उसके बाहर बरामदे में भैंस भी बंधी हुई थी। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और परिवार के सदस्यों के साथ पशु भी सुरक्षित बच गए।
सभासद प्रतिनिधि अकराम अली ने बताया कि घटना की जानकारी क्षेत्रीय लेखपाल को दे दी गई है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि, कुछ लोगों ने बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

