‘इतनी भी क्या जल्दी है ?’ अभियान से बढ़ेगी परिवार नियोजन की जागरूकता।
150 गांवों में तीन माह तक मोबाइल वैन से चलेगा प्रचार।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच, 20 अगस्त।
परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए बुधवार को “इतनी भी क्या जल्दी है?” अभियान का शुभारंभ विकास भवन सभागार में किया गया। मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने जिला स्तरीय कार्य समूह की बैठक में इसकी शुरुआत की। इसी दौरान पुरुषों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘देश बदलेगा जब मर्द बदलेगा’ अभियान भी लांच किया गया।
अभियान के तहत सही उम्र में शादी, पहले बच्चे में उचित अंतर, दो बच्चों के जन्म के बीच पर्याप्त अंतराल तथा आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली के सही उपयोग पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस मौके पर इन विषयों पर पोस्टर व न्यूज लेटर जारी किए गए और जागरूकता से जुड़ी लघु फिल्में व जिंगल्स भी लॉन्च किए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अंतर्विभागीय समन्वय से अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। सभी विभाग अपने क्षेत्रीय स्टाफ के जरिए प्रचार सामग्री लोगों तक पहुंचाएं, जिससे परिवार नियोजन साधनों की मांग बढ़े और भ्रांतियां दूर हों।

अभियान बलहा, शिवपुर और कैसरगंज ब्लॉक के 150 गांवों में मोबाइल वैन के माध्यम से तीन माह तक चलाया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया। अगस्त से नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में गांवों में फिल्म प्रदर्शन, हैंडबिल वितरण और जिंगल्स के जरिए प्रचार होगा। आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से परिवार नियोजन साधनों की जानकारी व उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जबकि वैन में मौजूद काउंसलर लोगों को परामर्श देंगे। सही जवाब देने वालों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजय कुमार ने बताया कि पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की ओर से पोस्टर, फिल्म और जिंगल्स तैयार किए गए हैं। ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन माध्यमों से भी संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
पॉपुलेशन फाउंडेशन के राज्य प्रतिनिधि बी.के. जैन ने उम्मीद परियोजना की गतिविधियों की जानकारी दी, जिसमें स्वास्थ्य इकाइयों में काउंसलिंग कॉर्नर स्थापित करने और आशा-एएनएम की क्षमता बढ़ाने पर जोर है। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी बृजेश सिंह ने सेवाप्रदाताओं और ग्राम प्रधानों की भूमिका को अहम बताया, जबकि मोबियस फाउंडेशन के प्रभात कुमार ने संसाधनों के बेहतर उपयोग से परिवार नियोजन को जोड़ा। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले जरवल, नानापरा, शिवपुर सीएचसी अधीक्षकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी एनएचएम मोहम्मद राशिद, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संदीप मिश्रा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी चंद्रभान सिंह, एनआरएलएम के उप आयुक्त धनंजय सिंह, जिला मिशन प्रबंधक मानवेंद्र यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी नागेंद्र कुमार, पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया लखनऊ के एसोसिएट लीड बी.के. जैन तथा डा. सफिया जमीर व रामबरन यादव सहित सभी सीएचसी अधीक्षक, समस्त ब्लॉकों के बीपीएम व बीसीपीएम, बीएसए कार्यालय तथा डीपीओ-आईसीडीएस के प्रतिनिधि, मोबियस फाउंडेशन से प्रभात कुमार व पॉपुलेशन फाउंडेशन की डा. सफिया जमीर एवं रामबरन यादव मौजूद रहे।
