गायत्री विद्यापीठ पीजी कॉलेज में निकली भव्य तिरंगा रैली, रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने बिखेरे देशभक्ति के रंग।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
गायत्री विद्यापीठ पीजी कॉलेज, रिसिया में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। अभियान के प्रथम चरण में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा रैली निकालकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति से गुंजायमान कर दिया।
तिरंगा रैली का आयोजन कार्यक्रम संयोजक डॉ. मुकेश चन्द्र श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य सहित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने रैली में प्रतिभाग करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभियान के दूसरे चरण में महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग की शिक्षिका सुबी खान के कुशल निर्देशन में छात्राओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आकर्षक एवं खूबसूरत रंगोलियां बनाईं। रंगोलियों में देशभक्ति और तिरंगे के रंगों की सुंदर झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के. दिव्य दर्शन तिवारी, प्रो. दया राम यादव, डॉ. सुभाष श्रीवास्तव, डॉ. मुकेश श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, डॉ. मिथलेश चौधरी, डॉ. पवन कुमार वर्मा, डेविड पांडेय, उमेश कुमार वर्मा, सत्यम सिंह, आकाश पाण्डे (एबीवीपी), सुबी खान सहित महाविद्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
