स्कूल-मंदिर के पास खुली शराब की दुकान से ग्रामीण परेशान
*स्कूल-मंदिर के पास खुली शराब की दुकान से ग्रामीण परेशान,
**डीएम से हटाने की लगाई गुहार*

*चिलुआताल गोरखपुर
क्षेत्र के भगवानपुर खास वार्ड नंबर 54 में प्राथमिक विद्यालय और मंदिर के पास नई देशी शराब की दुकान खुलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान नियमों के विरुद्ध खोली गई है।
स्थानीय निवासी सुग्रीव कुमार निषाद ने जिलाधिकारी गोरखपुर को पत्र लिखकर दुकान हटाने की मांग की है। पत्र में बताया गया कि यह शराब की दुकान ऑनलाइन सेन्टर के ठीक सामने स्थित है। मात्र 100 मीटर की दूरी पर प्राथमिक विद्यालय और मंदिर भी है।
ग्रामीणों के अनुसार दुकान खुलने के बाद से यहाँ हर समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। दुकान के बाहर खुले में शराब पीने और हुड़दंग के कारण स्कूली बच्चों, बालिकाओं और महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो गया है। आये दिन होने वाले झगड़ों से क्षेत्र की शांति व्यवस्था भी भंग हो रही है। आबकारी नियमावली के अनुसार किसी भी शैक्षणिक संस्थान, धार्मिक स्थल और अस्पताल के 100 मीटर के दायरे में शराब की दुकान खोलना प्रतिबंधित है। बावजूद इसके यहाँ स्कूल और मंदिर के इतने करीब दुकान संचालित की जा रही है।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस दुकान को तत्काल बंद करने या 1 किलोमीटर दूर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
