सहजनवां में तीन दिवसीय सीनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप, 1000 पहलवान लेंगे हिस्सा !
Oplus_131072
गोरखपुर -सहजनवां ।
महिला एवं पुरुष सीनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 24 से 26 अक्टूबर तक मुरारी इंटर कॉलेज परिसर, सहजनवां में आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 1000 महिला एवं पुरुष पहलवान प्रतिभाग करेंगे।
आयोजन को लेकर नगर पंचायत सहजनवा के सभागार में हुई बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतियोगिता शहीद रविन्द्र सिंह एवं भारत भीम जनार्दन सिंह की स्मृति में आयोजित की जा रही है।
तीन दिनों में इन भार वर्गों में होगी प्रतियोगिता –
24 अक्टूबर को महिला वर्ग में 50, 53, 55, 57, 59, 65, 68, 72 एवं 76 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले होंगे। इसी दिन पुरुष फ्री स्टाइल में 57 एवं 61 किलोग्राम भार वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी।
25 अक्टूबर को पुरुष फ्री स्टाइल के 65, 70, 74 एवं 79 किलोग्राम भार वर्ग में पहलवान जोर आजमाइश करेंगे।
26 अक्टूबर को पुरुष फ्री स्टाइल के 86, 92, 97 एवं 125 किलोग्राम, ग्रीको रोमन के 63, 67, 72 एवं 74 किलोग्राम तथा ग्रीको रोमन स्टाइल के 85, 87, 97 एवं 130 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले होंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता पहलवानों को आगे देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इससे प्रतियोगिता का महत्व और बढ़ गया है तथा क्षेत्र के खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह है।
प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद कैसरगंज एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह होंगे।
बैठक में आदित्य प्रताप सिंह ‘आगू’ (कुश्ती संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष) सभासद बृजेंद्र सिंह ‘रिंकू’, विजेन्द्र कुमार, मनोज सिंह, गिरीश यादव, लक्ष्मण कुमार, बृजेश यादव, अजय, रविन्द्र, अजय कसेरा, सूरज, अभिषेक सिंह, राम प्रकाश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
