शिकागो भाषण की 133वीं वर्षगांठ पर हुआ युवा संवाद !
स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : वक्ता !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया – बहराइच।
स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो भाषण की 133वीं वर्षगांठ के अवसर पर रिसिया नगर पंचायत के टीचर कॉलोनी स्थित श्री विनायक कंप्यूटर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्री रामकृष्ण मिशन के तहत श्री रामकृष्ण सेवा समिति, बहराइच के तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद, ठाकुर श्रीरामकृष्ण परमहंस एवं मां शारदा के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं को उनके विचारों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1893 में अमेरिका के शिकागो में आयोजित विश्व धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘मेरे अमेरिकी भाइयों और बहनों’ से की थी। उनके संबोधन ने वहां उपस्थित लोगों को प्रभावित किया और भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली। वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

युवा संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं को दुर्व्यसनों से दूर रहने, अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे प्राप्त करने के लिए अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। साथ ही युवाओं को अपने सामाजिक एवं राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
विनायक कंप्यूटर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने भी स्वामी विवेकानंद को अपना आदर्श बताते हुए विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से उनके जीवन एवं विचारों पर अपने विचार रखे। इस दौरान छात्रा वंशिका कसौधन द्वारा स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व एवं विचारों पर रखे गए विचारों ने उपस्थित लोगों को विशेष रूप से प्रभावित किया और खूब सराहना मिली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री रामकृष्ण सेवा समिति के जिला अध्यक्ष शशांक सिन्हा ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन श्री रामकृष्ण सेवा समिति युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर रिसिया नगर के संभ्रांत नागरिकों एवं समाजसेवियों सुधीश अग्रवाल, पंकज गुप्ता, शिक्षिका पूजा गुप्ता, सत्यम श्रीवास्तव, अनुज गुप्ता, हीरा लाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
