संतकबीर नगर में चक्रवात ‘अर्णब’ का संकट: 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश, तेज हवाओं व वज्रपात का अलर्ट; डीएम अनुज मलिक ने की सतर्कता की अपील !
Oplus_131072
संतकबीर नगर।
बंगाल की खाड़ी में उठे अति प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से जनपद संतकबीर नगर में मौसम का मिजाज तेजी से बिगड़ने की संभावना व्यक्त की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम केंद्र लखनऊ उत्तर द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 28 से 31 अक्टूबर तक जिले में तेज हवाओं, मेघगर्जन, वज्रपात और बेमौसम भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक ने जनपदवासियों की सुरक्षा के लिए विशेष अपील जारी की है। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रखने और राहत-बचाव तैयारियों को अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग का 3 दिवसीय विस्तृत पूर्वानुमान-
28 अक्टूबर: पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और 30 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
29 अक्टूबर (विशेष अलर्ट): संतकबीर नगर में भारी वर्षा, बिजली गिरने (वज्रपात) तथा 40 से 50 किमी/घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की प्रबल आशंका है।
30 अक्टूबर: तेज हवाओं, मेघगर्जन और वज्रपात का सिलसिला जारी रहेगा। इसके प्रभाव से पेड़ व डालियां टूटने, जलभराव, यातायात बाधित होने और बिजली आपूर्ति ठप होने की परिस्थितियां बन सकती हैं।
जिला प्रशासन की अपील व सुरक्षा निर्देश –
जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक: “जनसुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी नागरिक मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।”
सुरक्षा के लिए क्या करें:
‘सचेत (SACHET) ऐप’ डाउनलोड करें: मौसम संबंधी त्वरित चेतावनियों और आपदा से बचाव की सटीक जानकारी पाने के लिए अपने स्मार्टफोन में ‘सचेत’ ऐप इंस्टॉल करें।
सुरक्षित स्थान पर रहें: भारी बारिश और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों, जर्जर भवनों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
आवश्यक तैयारियां: बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति के लिए घर पर आवश्यक रोशनी और पेयजल की व्यवस्था रखें।
