जिलाधिकारी ने प्रेरणा महिला लघु उद्योग पुष्टाहार उत्पादन इकाई का किया निरीक्षण !
महिला समूहों द्वारा संचालित इकाईयां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण !
पुष्टाहार उत्पादन में गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान देने पर ज़ोर !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 28 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित प्रेरणा महिला लघु उद्योग पुष्टाहार उत्पादन इकाई, डीहा, चित्तौरा का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इकाई में पुष्टाहार उत्पादन की प्रक्रिया, उपलब्ध संसाधनों, साफ-सफाई तथा कार्यों के संचालन की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा अभिलेखों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कोई प्रतिकूल तथ्य संज्ञान में नहीं आया।
जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने इकाई में कार्यरत महिलाओं से संवाद कर उत्पादन कार्यों तथा उनके माध्यम से अर्जित किए जा रहे रोजगार एवं आजीविका के अवसरों के संबंध में जानकारी ली। श्री पाण्डेय ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का आहवान किया कि ग्राम की दूसरी महिलाओं को भी प्रेरित कर उन्हें स्वरोज़गार से जुड़ने में मदद करें। डीएम ने कहा कि आज देश के आर्थिक विकास में महिलाओं का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। महिला समूहों द्वारा संचालित इस प्रकार की इकाइयां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने पुष्टाहार उत्पादन में गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। साथ ही इकाई के संचालन को व्यवस्थित बनाए रखने तथा उत्पादन प्रक्रिया में आवश्यक सावधानियों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। डीएम ने डिप्टी कलेक्टर तथा खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि लघु उद्योग पुष्टाहार उत्पादन इकाईयों का आकस्मिक रूप से औचक निरीक्षण करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, डिप्टी कलेक्टर सुश्री जैसमीन वर्मा, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. धनंजय सिंह, आयुष चिकित्सक डॉ. पीयूष नायक, खण्ड विकास अधिकारी चित्तौरा अनुष्का श्रीवास्वत सहित अन्य अधिकारी व इकाई से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।
