संतकबीर नगर- कबीर ऑडिटोरियम मगहर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, अग्निशमन दल ने पाया काबू।
एडीएम व एएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण।
संतकबीर नगर-
आज दिनांक 16.04.2026 को थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के अंतर्गत मगहर स्थित कबीर ऑडिटोरियम में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लगने की सूचना प्राप्त हुई । घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन विभाग द्वारा तत्काल त्वरित कार्यवाही की गयी । प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अपनी टीम और फायर टैंकरों के साथ मौके पर पहुँचे। अग्निशमन दल द्वारा तत्परता दिखाते हुए फायर टैंकर से पंपिंग कर आग पर पूर्ण रूप से काबू पाया गया। टीम की सूझबूझ से आग को ऑडिटोरियम के अन्य हिस्सों में फैलने से समय रहते रोक लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
घटना की सूचना पाकर अपर जिलाधिकारी (ADM) खलीलाबाद एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) संतकबीर नगर द्वारा तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने आग से हुए नुकसान का जायजा लिया और संबंधित सुरक्षा मानकों की जाँच के निर्देश दिए। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्यवाही के बाद अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है । प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की विस्तृत जाँच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो ।
जयप्रकाश दुबे – (अपर जिलाधिकारी – संत कबीर नगर)
