शादी का झांसा देकर लूटने वाले ‘शातिर गैंग’ का पर्दाफाश, नदी किनारे सुनसान बंधे पर बुलाकर की थी 30 हजार की झपटमारी, 4 गिरफ्तार!
संतकबीर नगर।
उत्तर प्रदेश के जनपद संतकबीरनगर की धनघटा पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने एक ऐसे ‘हनीट्रैप और झपटमार’ गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो कुंवारे लड़कों और उनके परिजनों को शादी का झांसा देकर सुनसान रास्तों पर बुलाता था और फिर पैसों से भरा बैग लूटकर रफूचक्कर हो जाता था। पुलिस ने गैंग के मास्टरमाइंड सहित 4 शातिर अभियुक्तों (दो पुरुष और दो महिलाओं) को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटे गए ₹30,000 बरामद कर लिए हैं।
# दिल्ली के पीड़ित को ऐसे फंसाया जाल में –
मामला तब प्रकाश में आया जब बाहरी दिल्ली (बाबा हरिदास नगर) के रहने वाले कामता प्रसाद सिंह ने धनघटा थाने में आपबीती सुनाई। पीड़ित कामता प्रसाद गरीब युवक-युवतियों की शादी कराने का काम करते हैं। उन्होंने अपनी पहचान के आनंद उर्फ मुकेश पाल से मोबाइल पर किसी लड़की के बारे में पूछा था। आनंद ने जाल बुनते हुए कहा कि, “एक लड़की है अनामिका निषाद, आकर देख लो।”
झांसे में आकर पीड़ित 2 जुलाई को उमरिया बाजार पहुंचे, जहां उन्हें अनामिका की कथित बहन विमल से मिलवाया गया।
# नदी किनारे ले जाकर बैग पर मारा झपट्टा –
असली खेल रात के वक्त शुरू हुआ। मास्टरमाइंड आनंद ने कहा कि चलो घर के बाकी लोगों से मिलवा देता हूं। वह पीड़ित को बहला-फुसलाकर रात के अंधेरे में औराडाड नदी के किनारे सुनसान बंधे पर ले गया। वहां पहले से उनका एक और साथी गगन यादव घात लगाए बैठा था। जब सब बातें कर रहे थे, तभी अचानक चारों ने मिलकर पीड़ित के हाथ से ₹30,000 की नकदी से भरा बैग झपट लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। 112 नंबर पर सूचना देने और काफी तलाश करने के बाद जब आरोपी नहीं मिले, तो पीड़ित ने 4 जुलाई को थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
#बेलहरघाट मंदिर के पास से दबोचे गए आरोपी –
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के कड़े निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी धनघटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धनघटा दिलीप सिंह और SOG प्रभारी रजनीश राय की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए बेलहरघाट मंदिर के पास से चारों आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए अभियुक्तों के नाम:-
1. आनन्द उर्फ मुकेश पाल (गैंग लीडर) – निवासी झांसी।
2. गगन यादव – निवासी गोरखपुर।
3. विमल (महिला) – निवासी गोरखपुर।
4. अनामिका निषाद (महिला) – निवासी गोरखपुर।
# पूछताछ में कबूला- ‘यही हमारा धंधा है’।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे एक संगठित गैंग चलाते हैं। उनका लीडर आनंद उर्फ मुकेश पाल ग्राहकों को शादी का लालच देकर फंसाता है। इसके बाद घर दिखाने और बात आगे बढ़ाने के बहाने उन्हें सुनसान रास्तों पर ले जाया जाता है, जहां मौका पाकर ये पैसों से भरा बैग झपट लेते हैं और आपस में बांटकर अपने परिवार का खर्च चलाते हैं।
# पुलिस टीम पर इनाम की तैयारी –
धोखाधड़ी और झपटमारी की इस सनसनीखेज वारदात का चंद घंटों में खुलासा करने वाली पुलिस और SOG टीम (जिसमें प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह, एसओजी प्रभारी रजनीश राय, उपनिरीक्षक रवीन्द्र सिंह यादव व अन्य जांबाज सिपाही शामिल रहे) की पीठ थपथपाई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
(अभयनाथ मिश्र- क्षेत्राधिकार धनघटा)
