राष्ट्रप्रेम से सराबोर हुआ गायत्री विद्यापीठ पीजी कॉलेज, विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प!
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया – बहराइच !
रिसिया गायत्री विद्यापीठ पी.जी. कॉलेज, रिसिया में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. विश्वनाथ श्रीवास्तव एवं प्राचार्य प्रो. दिव्य दर्शन तिवारी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। ध्वजारोहण के बाद सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इसके पश्चात छात्र-छात्राओं को सभागार में ले जाया गया, जहां स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने उच्च शिक्षा निदेशक द्वारा महाविद्यालय के नाम प्रेषित संदेश को सभी के समक्ष पढ़कर सुनाया।
देशभक्ति गीतों और नृत्य ने बांधा समां-
सांस्कृतिक कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और प्रभावशाली भाषणों ने पूरे सभागार को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया। छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, उत्साह और आत्मविश्वास की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
इसी क्रम में पूर्व में आयोजित भारतीय ज्ञान परीक्षा में उत्तीर्ण महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को डॉ. दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा अंक पत्र वितरित किए गए।
विद्यार्थियों को दिलाया राष्ट्र निर्माण का संकल्प-
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य एवं कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. दिव्य दर्शन तिवारी ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसके संरक्षण और राष्ट्र के विकास में योगदान देना हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी को भारत को सुंदर, स्वच्छ, शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलाया।

मिष्ठान वितरण के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन-
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरित किया गया। पूरे महाविद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस की खुशी, राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और एकता का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. विश्वनाथ श्रीवास्तव, प्राचार्य प्रो. दिव्य दर्शन तिवारी, संस्थापिका बहू योगमाया श्रीवास्तव, संस्थापक पौत्र डॉ. मुरारी श्रीवास्तव, इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या रीती मुरारी श्रीवास्तव सहित डॉ. सुभाष श्रीवास्तव, प्रो. दया राम यादव, डॉ. मुकेश श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, डॉ. मिथलेश चौधरी, डॉ. पवन कुमार वर्मा, डॉ. दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, डेविड कुमार पाण्डेय, उमेश कुमार वर्मा, सुबी खान, आशीष श्रीवास्तव, नंदन श्रीवास्तव, रविन्द्र श्रीवास्तव, रीकेश्वर प्रसाद समेत महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
