PET-2026: परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण !
संत कबीर नगर !
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित होने वाली प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को पूरी तरह निष्पक्ष, सुचितापूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां जोरों पर हैं। जिलाधिकारी अनुज मलिक के निर्देशों के क्रम में, जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की देखरेख में केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों और परीक्षा ड्यूटी में तैनात समस्त कार्मिकों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण की मुख्य बातें:
आयोग की गाइडलाइंस पर जोर: प्रशिक्षण के दौरान आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के एक-एक बिंदु पर बारीकी से चर्चा की गई, ताकि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की चूक न हो।
सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था: सभी परीक्षा केंद्रों के कमरों में सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध: परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्र परिसर के भीतर मोबाइल फोन और अन्य आईटी गैजेट्स ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

बुनियादी सुविधाएं:
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान रखते हुए केंद्रों पर बिजली, पानी और जनरेटर जैसी सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने सभी संबंधित कार्मिकों को पूरी संवेदनशीलता, सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने तथा आयोग की गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है।

