कुआनो नदी में मिला 24 वर्षीय युवक का शव, पंचनामा कर शव परिजनों को सौंपा ।
बसवारीगांव – सन्तकबीर नगर ।
धनघटा क्षेत्र के कुआनो नदी में सोमवार सुबह करीब 5 बजे एक युवक का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नदी में शव देख कुछ ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना थाना धनघटा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बसवारीगांव चौकी प्रभारी मोहम्मद अखलाक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी से शव को बाहर निकलवाया। बाद में शव की शिनाख्त कराई गई। शव की पहचान गोरखपुर जनपद के सिकरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढाढ़ीजोत निवासी अमरेंद्र प्रताप (24 वर्ष) पुत्र रामकृपाल के रूप में हुई।

परिजनों के अनुसार अमरेंद्र प्रताप रविवार देर रात करीब 2:30 बजे बिना बताए घर से कहीं निकल गए थे। सुबह उनका शव कुआनो नदी में मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों का कहना था कि वे किसी प्रकार की आगे की कार्रवाई नहीं चाहते, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की गवाही में शव परिवार को सौंप दिया।
