पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा: अपहरण के 12 घंटे के भीतर अपहृत युवक सकुशल बरामद, सांसद के नाम पर बुलाकर हत्या की साजिश रचने वाले 4 अभियुक्त गिरफ्तार !
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संत कबीर नगर।
संतकबीरनगर जिले के थाना बखिरा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पुलिस ने त्वरित और साहसिक कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर एक अपहरण की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने अपहृत युवक विशाल कुमार को सकुशल बरामद कर लिया है, साथ ही इस वारदात को अंजाम देने वाले 4 शातिर अभियुक्तों को भी धर दबोचा है।
क्या है पूरा मामला ?
ओमप्रकाश कुमार ने थाना बखिरा में तहरीर दी थी कि 20 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 10:30 बजे उनके भाई विशाल कुमार को विश्वकेतु यादव नामक व्यक्ति ने फोन कर यह कहकर बुलाया कि “सांसद जी के घर चलना है।” इसके बाद जब विशाल घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन मिलाया गया, तो उसने बताया कि वह उन लोगों के साथ है। रात तक जब विशाल घर नहीं पहुँचा, तो परिवार वालों को उसकी हत्या या किसी बड़ी अनहोनी की आशंका सताने लगी, जिसके बाद पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया।
सनसनीखेज खुलासा – रची गई थी खौफनाक साजिश !
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त विश्वकेतु यादव ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद में विशाल कुमार ने उसे और माननीय सांसद श्री लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू को एससी/एसटी के मुकदमे में नामजद कर दिया था।
इसी रंजिश के चलते विश्वकेतु ने अपने तीन साथियों—
अशोक यादव (जो सांसद के पीए बताए जा रहे हैं), धर्मेन्द्र यादव और जितेन्द्र यादव के साथ मिलकर विशाल का अपहरण किया। वे उसे पहले सांसद के यहाँ ले गए और वहाँ नोटरी/शपथ पत्र पर जबरन हस्ताक्षर करवाए। इसके बाद सभी आरोपी विशाल को अयोध्या ले जाकर उसकी हत्या कर फेंकने की फिराक में थे, लेकिन बखिरा पुलिस की सतर्कता और सर्विलांस टीम ने रास्ते में ही उनकी योजना पर पानी फेर दिया।
पुलिस द्वारा की गई बरामदगी –
पुलिस टीम ने काँटे के पास खलीलाबाद से बस्ती की तरफ जा रही अर्टिगा कार (संख्या UP51BR0671) को रोककर चेकिंग की, जिसके बाद निम्नलिखित चीजें बरामद हुईं –
* 01 अपहृत व्यक्ति (विशाल कुमार) सकुशल बरामद।
* 04 अभियुक्त गिरफ्तार (विश्वकेतु यादव, अशोक यादव, धर्मेन्द्र यादव और जितेन्द्र यादव)।
* घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार (UP51BR0671)।
* 42,620 रुपये नकद और 05 मोबाइल फोन।
* अर्टीगा कार की तलाशी से अपहृत विशाल कुमार के हस्ताक्षरशुदा व फोटोयुक्त शपथ पत्र, आवेदन पत्र व [Aadhaar Redacted] कुल 15 अदद बरामद।
पुलिस टीम का सराहनीय कार्य व पुरस्कार –
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली बखिरा थाने की पुलिस टीम (थानाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, उ0नि0 ददन राय, उ0नि0 शैलेन्द्र सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों) की चहुंओर प्रशंसा हो रही है।
(संदीप कुमार मीना – SP संत कबीर नगर)
संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना ने इस बेहतरीन खुलासे पर पुलिस टीम को 25,000 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
