हल्की बारिश और हवा चलने से विद्युत आपूर्ति घंटों से बाधित ।
Oplus_131072
मगहर – संतकबीर नगर ।
नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार को दोपहर से बिजली व्यवस्था की बदहाली अब आम जनजीवन पर भारी पड़ने लगी है।हल्की सी आंधी या बारिश आते ही विद्युत आपूर्ति घंटों के लिए ठप हो जाती है, जिससे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रत्येक वर्ष गर्मी में लोगों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से जूझना पड़ता है लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
बीते दिनों आई तेज आंधी और बारिश ने नगर की बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। पूरे क्षेत्र में 24 घंटे से अधिक समय तक सप्लाई बाधित रही, जिससे पेयजल, छोटे कारोबार और दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती ने लोगों को रातभर जागने पर मजबूर कर दिया।सोमवार को भी हल्की बारिश और हवा चलते ही स्थिति जस की तस रही। नगर में घंटों तक बिजली गुल रही, जिससे यह साफ हो गया कि सिस्टम हल्के मौसमीय बदलाव को भी झेलने की स्थिति में नहीं है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही और नियमित मेंटेनेंस के अभाव के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि लोकल फॉल्ट के नाम पर पूरा पूरा दिन विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है। सोमवार को दोपहर में हल्की बारिश और हवा चलने से ब्रेकडाउन हो गया।जिससे नगर के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति नहीं पिल पा रही है।इस संबंध में अवर अभियंता रवि यादव ने बताया कि दोपहर में विद्युत आपूर्ति ब्रेकडाउन में चली गई। जिसे कर्मचारियों द्वारा ढूंढ़ा जा रहा है लेकिन अभी तक फाल्ट नहीं मिल रहा है।फाल्ट मिल जाने के बाद उसे ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल हो सकेगी।
