डीएम की अध्यक्षता में तहसील नानपारा में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 07 नवम्बर।
जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु प्रत्येक माह के प्रथम और तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में तहसील नानपारा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, उप जिलाधिकारी प्रकाश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम व अन्य अधिकारियों केे साथ जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए।

डीएम श्री पाण्डेय ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाये। डीएम ने कहा कि निस्तारण की कार्यवाही इस प्रकार की जाय कि फरियादी निस्तारण की कार्यवाही से संतुष्ट हो सके। डीएम ने निर्देशित किया जनसुनवाई में आने वाले सभी गरीब, ज़रूरतमन्द तथा असहाय लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाये तथा उनकी पात्रता के अनुसार योजनाओं से लाभान्वित करें। साथ ही प्राप्त जनशिकायतों के सम्बन्ध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मौके पर जाकर शिकायतों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए तथा नियमानुसार एवं समयबद्ध ढंग से उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निस्तारित प्रार्थना-पत्रों की आख्या निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। गंभीर एवं जटिल प्रकृति की कुछ शिकायतों के प्रभावी निस्तारण हेतु अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजा गया, जिससे स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर डीएसओ नरेन्द्र तिवारी, डीपीआरओ चन्द्रभान सिंह, जिला गन्ना अधिकारी आनन्द शुक्ला, एलडीएम जितेन्द्र मंसद व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ, बीईओ, सीडीपीओ व थानाध्यक्ष मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि तहसील नानपारा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 49 में 03, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में 18 में 02, कैसरगंज में 43 में 07, पयागपुर में 38 में 05, महसी में 33 में 03 तथा तहसील सदर में प्राप्त 16 प्रार्थना-पत्रों में से 02 का निस्तारण मौके पर किया गया।
