धनघटा में 5 क्विंटल 20 किलो अवैध पटाखा बरामद, बंडा बाजार से आरोपी गिरफ्तार ।
संत कबीर नगर |
जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस का चाबुक लगातार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत धनघटा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस टीम ने रिहायशी इलाके में असुरक्षित तरीके से रखे गए कुल 05 क्विंटल 20 किलोग्राम (520 किग्रा) अवैध पटाखे बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

बंडा बाजार में रिहायशी इलाके से हुई गिरफ्तारी –
थाना धनघटा के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह पुलिस टीम (कांस्टेबल महेंद्र निषाद एवं जितेंद्र यादव) के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर बंडा बाजार में छापेमारी कर राजकुमार मद्धेशिया (पुत्र फेकू प्रसाद, निवासी बंडा बाजार, थाना धनघटा) को हिरासत में लिया गया। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के अवैध पटाखे बरामद हुए, जिन्हें बेहद असुरक्षित माहौल में स्टोर करके रखा गया था।

विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज –
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना धनघटा में मु.अ.सं. 728/2026, धारा 288 बीएनएस (BNS) एवं 9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई पूरी की है।
पुलिस की सख्त चेतावनी –
संत कबीर नगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रिहायशी या घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अवैध और असुरक्षित तरीके से ज्वलनशील पदार्थों या पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

