फसल धान की क्राप कटिंग के लिए ग्राम सिसई हैदर पहुॅचे जिलाधिकारी !
क्रय केन्द्र के माध्यम से धान बेचने की कृषकों से की अपील !
क्राप कटिंग कार्य में तेज़ी लाये जाने के दिये गये निर्देश !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 05 नवम्बर।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास खण्ड तेजवापुर के ग्राम सिसई हैदर के किसान राधे पुत्र राधेश्याम के गाटा संख्या 114 पर जाकर फसल धान की क्राप कटिंग करायी। कृषक राधे के खेत में 44.80 कुण्टल प्रति हेक्टेयर धान की ऊपज प्राप्त हुई। जबकि पिछले वर्ष की जनपद की औसत उपज 42.73 कुण्टल प्रति हेक्टेयर थी। क्राप कटिंग के अवसर पर जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने अपर सांख्यिकीय अधिकारी एस. रहमान को निर्देश दिया कि जनपद के सभी बीमित कृषकों को नियमानुसार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाया जाये। रहमान ने जिलाधिकारी को बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत जनपद में खरीफ 2026 में कुल 59505 कृषकों ने फसल बीमा कराया है जिसमें गैर ऋणी किसानों की संख्या 1517 है।

अपर सांख्यिकीय अधिकारी ने बताया कि वर्तमान खरीफ मौसम में क्राप कटिंग प्रयोगों को शत-प्रतिशत भारत सरकार द्वारा विकसित किये गये जी.सी.ई.एस. एवं सी.सी.ई. एग्री एैप के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जी.सी.ई.एस. एवं सी.सी.ई. एग्री एैप के नवीनतम वर्जन पर डाटा अपलोड करने हेतु निर्देशित किया गया है। क्राप कटिंग के पश्चात राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा डाटा अपलोड करते ही सम्बन्धित एैप के माध्यम से सीधे भारत सरकार के पोर्टल पर पहुॅच जाता है।
जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने जी.सी.ई.एस. एवं सी.सी.ई. एग्री एैप के माध्यम से जनपद में शत-प्रतिशत हो रहे क्राप कटिंग कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण कार्य में तेज़ी लाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि इससे लोगों में क्राप कटिंग के प्रति विश्वसनीयता बढ़ेगी तथा इस कार्य में पारदर्शिता भी आयेगी। उन्होंने कृषकों को यह भी सुझाव दिया अपनी धान की उपज को नजदीकी क्रय केन्द्र पर ले जाकर शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर ही बेंचे। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा सामान्य धान के लिए रू. 2441=00 तथा ग्रेड-ए धान के लिए रू. 2461=00 प्रति कुण्टल निर्धारित है। फसल बिक्री करते समय बिचौलियों से सावधान रहें। इस अवसर पर तहसीलदार महसी विपिन चौरसिया, आर.के. वहीद अहमद, बीमा कम्पनी डी.सी. अमन मौर्या, राजस्व निरीक्षक शिवपाल बहादुर, क्षेत्रीय लेखपाल आनन्द सिंह पंवार व देव प्रकाश तथा कृषक मौजूद रहे।

