मासिक बैठक स्थगित होने के बाद ईओ कक्ष में बवाल, दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप
ईओ कक्ष में फोटो खींचने को लेकर नगर पंचायत में विवाद, चेयरमैन पति और सभासदों के बीच मारपीट !
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप, थाने में दी तहरीर; पुलिस करेगी जांच !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच
नगर पंचायत रिसिया कार्यालय में बुधवार को ईओ कक्ष में फोटो खींचने को लेकर चेयरमैन पति और सभासदों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मारपीट की नौबत आ गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को नगर पंचायत की मासिक बैठक प्रस्तावित थी। चेयरमैन मुन्नी देवी के मौजूद न रहने के कारण बैठक स्थगित कर दी गई। इसके बाद सभासद, चेयरमैन पति रामू लाल और उनके बेटे ईओ कक्ष में एकत्र हुए। इसी दौरान फोटो खींचने को लेकर एक सभासद और चेयरमैन पति के बीच विवाद शुरू हो गया।
नगर की सभासद प्रियंका देवी पत्नी राम मिलन आर्य ने थाने में दी गई शिकायत में चेयरमैन पति, उनके दो बेटों और एक अन्य व्यक्ति पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बचाव में आए सभासद राकेश निगम के साथ भी मारपीट किए जाने की बात कही है।
वहीं, चेयरमैन पति रामू लाल की ओर से भी कुछ सभासदों के खिलाफ थाने में शिकायत दी गई है। उनका आरोप है कि कुछ सभासद अनुचित लाभ की मांग को लेकर विवाद कर रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही रिसिया चौकी के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय ने बताया कि ईओ कक्ष में फोटो खींचने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई है। मामले की जांच आंतरिक इंक्वायरी कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
