संतकबीरनगर: दिवंगत पत्रकार स्व. शोभित पाण्डेय के बच्चों की शिक्षा के लिए एसपी संदीप कुमार मीना ने बढ़ाये मदद के हाथ, दिए 5.51 लाख रुपये !
संतकबीरनगर:
जनपद के प्रतिष्ठित और अनुभवी पत्रकार, ‘हिुस्तान’ समाचार पत्र के क्राइम रिपोर्टर स्व. श्री शोभित पाण्डेय के असामयिक निधन से पूरे पत्रकारिता जगत और जिले में शोक की लहर है। इस दुखद घड़ी में संतकबीरनगर पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना ने गहरी मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक सराहनीय पहल की है।

पुलिस अधीक्षक ने दिवंगत पत्रकार के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर पुलिस परिवार की ओर से ₹5,51,000 (पाँच लाख इक्यावन हजार रुपये) की सहयोग राशि प्रदान की। यह आर्थिक मदद विशेष रूप से स्व. शोभित पाण्डेय के बच्चों की निर्बाध शिक्षा-दीक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से दी गई है, ताकि परिवार को इस कठिन समय में आर्थिक संबल मिल सके।

स्व. शोभित पाण्डेय अपने जीवनकाल में निष्पक्ष, निर्भीक और कर्मठ पत्रकार रहे। इससे पूर्व वे ‘अमर उजाला’ में चीफ ब्यूरो के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। संतकबीरनगर पुलिस ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और बच्चों के भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।

