अज्ञात वाहन के ठोकर से पैदल जा रहे वृद्ध की मौत , परिवार में मचा कोहराम ।
गीडा- गोरखपुर।
थाना गीडा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बसुधा में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हुकुम पुत्र भवन, निवासी बसुधा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम लगभग 6 बजे वह पैदल जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन वृद्ध को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। बसुधा चौराहे पर राजमन की चाय की दुकान के पास घटनास्थल पर ही हुकुम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। फुटेज मिलने पर अज्ञात वाहन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
