बहराइच में पुलिस मुठभेड़: 25 हजार का इनामी बदमाश घायल, दो साथी फरार।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
जिले के बौंडी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार बौंडी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और आपराधिक घटनाओं को देखते हुए अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बुधवार रात थाना प्रभारी टी.एन. मौर्य को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध बदमाश एक बाइक पर सवार होकर खैरा बाजार क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। रात करीब 11:30 बजे कोदही मार्ग पर पुलिस को एक संदिग्ध बाइक दिखाई दी। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दौरान उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान असलम निवासी मेहराबाद, थाना रामगांव के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक असलम पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत चोरी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने फरार बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर और इनामी अपराधी है। उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। फरार बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार अभियान चला रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
