मगहर कबीर चौरा पर महिला से मंगलसूत्र झपटने वाले 2 शातिर लुटेरे गिरफ्तार!
खलीलाबाद पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, जेब खर्च के लिए महिलाओं को निशाना बनाते थे दोस्त, स्कूटी और लूटा गया मंगलसूत्र बरामद।
शानदार कामयाबी पर SP संदीप कुमार मीना ने पुलिस टीम को दिया 25,000 रुपये का नगद इनाम!
संतकबीर नगर –
संतकबीर नगर में अपराधियों और लुटेरों के खिलाफ चलाए जा रहे ताबड़तोड़ अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मगहर कबीर चौरा जैसे पवित्र स्थल पर एक महिला से सरेराह मंगलसूत्र झपटकर सनसनी फैलाने वाले दो शातिर लुटेरों को खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से लूटा हुआ लाकेट सहित मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है।
‘लड़का दिखाई’ की रस्म में आई महिला बनी थी शिकार –
वारदात बीती 25 जून की है, जब गोरखपुर के बांसगांव की रहने वाली श्रीमती सुमन निषाद अपने परिवार के साथ मगहर कबीर चौरा समाधि स्थल पर ‘लड़का दिखाई’ की रस्म के लिए आई थीं। जब वह समाधि स्थल घूमकर शिव मंदिर की तरफ जा रही थीं, तभी स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लिया और रफूचक्कर हो गए। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 562/2026 के तहत संगीन धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू की गई।
बाग के पास से घेराबंदी कर दबोचे गए लुटेरे –
SP संदीप कुमार मीना के कड़े निर्देशन और एएसपी सुशील कुमार सिंह व सीओ प्रियम राजशेखर पाण्डेय के मार्गदर्शन में कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दुबे ने तुरंत टीमों का गठन किया। सर्विलांस और एंटी थेफ्ट टीम की मदद से आज (26 जून को) पुलिस ने असरफाबाद से रसूलपुर जाने वाले ईंट खड़ंजे के पास एक बाग के किनारे घेराबंदी की और दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की कुंडली: –
1. अरुण कुमार पुत्र विक्रम (निवासी: देवरिया सूरस, थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर)।
2. संजय कुमार पुत्र स्व0 सुमिरन (निवासी: देवरिया सूरस, थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर)।
पूछताछ में उगला सच: ‘जेब खर्च के लिए बने लुटेरे’ –
पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों दोस्तों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने ‘जेब खर्च’ के लिए रुपयों की सख्त जरूरत थी। इसीलिए दोनों ने मिलकर साजिश रची और 24 जून (तहरीर के अनुसार घटनाक्रम) को दोपहर के वक्त स्कूटी से मगहर पहुंचे। वहां मौका पाकर महिला के गले से मंगलसूत्र उड़ा दिया। आज वे दोनों उस लूटे हुए मंगलसूत्र को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जा रहे थे, लेकिन इससे पहले कि वो कामयाब होते, पुलिस के जाल में फंस गए।
एक्टिवा का नंबर आया सामने, बढ़ाई गईं धाराएं-
पुलिस ने बदमाशों के पास से वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर: UP 53 FB 6252) और 1 अदद मंगलसूत्र मय लाकेट बरामद किया है। ठोस सबूतों और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) BNS की बढ़ोत्तरी कर दी है, जिससे अब अपराधियों का जेल से छूटना बेहद मुश्किल होगा।
कामयाब टीम को 25 हजार का इनाम-
बदमाशों को दबोचने वाली संयुक्त टीम में सब-इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव, महेश्वर चौधरी, सर्विलांस प्रभारी अजय कुमार सिंह, एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी अभिमन्यु सिंह और उनके साथी हमराही शामिल रहे। पुलिस टीम की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से गदगद होकर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पूरी टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25,000 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

(सुशील कुमार सिंह – ASP संत कबीर नगर)
