अपनी पैतृक जमीन पर दबंगों द्वारा जबरन गड़ही खोदने और गंदगी फैलाने का पीड़ित ने लगाया आरोप।
# पीड़ित ने जिलाधिकारी कार्यालय पर लगाई न्याय की गुहार।
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संत कबीर नगर-
आज दिनांक 13 जुलाई 2026 को जिले के मेंहदावल तहसील अंतर्गत बेलहर कला ग्राम से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर अपनी पैतृक जमीन पर जबरन गड़ही खोदकर गंदा पानी गिराने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष से शिकायत कर सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
आपको बताते चलें कि पीड़ित रामनाथ, जो वार्ड संख्या-1, बेलहर कला का निवासी है, का आरोप है कि कुछ लोगों ने अधिकारियों से मिलीभगत कर वर्ष 2021 में उसकी जमीन पर गड़ही (गड्ढा) खुदवा दी थी।
पीड़ित का कहना है कि जिस भूमि पर यह आदेश किया गया, वह हरिजन आबादी की भूमि थी।
पीड़ित के अनुसार, इस पूरे मामले को लेकर उपजिलाधिकारी मेंहदावल और सिविल जज (जूनियर डिविजन) संत कबीर नगर की अदालत में वाद दायर किए गए हैं, जो वर्तमान में विचाराधीन हैं। पीड़ित का दावा है कि मामला न्यायालय में होने के बावजूद, विपक्षी पक्ष के लोग बिना किसी आदेश के जबरन गड़ही खोद रहे हैं।
रामनाथ ने अपनी शिकायत में बताया है कि यह गड़ही उसके घर के ठीक सामने है। वहां गंदा पानी गिराने से भारी गंदगी फैलने का अंदेशा है, जिससे उसके परिवार और आसपास के बच्चों में गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। इसके अतिरिक्त, गड़ही में पानी भरने से बच्चों के गिरने की भी आशंका जताई गई है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो विपक्षी पक्ष के लोग मानने को तैयार नहीं हैं और उन्हें मारपीट करने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि विपक्षी लोगों को जबरन पानी गिराने से रोका जाए और जब तक न्यायालय में मामला विचाराधीन है, तब तक वहां कोई निर्माण कार्य न होने दिया जाए।
