पहलवान ब्रह्मानंद हत्याकांड – 9वां अभियुक्त गिरफ्तार, लाल मिर्च झोंककर की गई थी पहलवान ब्रह्मानंद की हत्या ।
संतकबीरनगर –
जिले के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में प्रधान के भाई पहलवान ब्रह्मानंद की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या की इस सनसनीखेज घटना में शामिल 9वें अभियुक्त बृजेश यादव को भुवरिया रोड पायलपार गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल (डंडा) भी बरामद कर लिया गया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस अब तक इस मामले में कुल 9 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

क्या थी पूरी घटना ?
घटना 22 सितंबर 2026 की है। वादी रमाकांत यादव (जो कि ग्राम प्रधान हैं) ने थाने में तहरीर दी थी कि उनके भाई ब्रह्मनन्द यादव जब घर से गिठनी बाजार जा रहे थे, तभी रास्ते में पूर्व नियोजित साजिश के तहत आरोपियों ने उनकी बुलेट मोटरसाइकिल रोक ली।
वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने बेहद शातिर तरीका अपनाया—
पहलवान ब्रह्मनन्द की आँखों में पिसी हुई लाल मिर्च झोंक दी जिससे वह बाइक सहित नीचे गिर गए। इसके बाद बेरहम हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मनन्द को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुरानी रंजिश और वर्चस्व की खूनी जंग –
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त बृजेश यादव ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि ग्राम प्रधान रमाकांत यादव, उनके भाई ब्रह्मनन्द और श्रीकांत से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी। प्रधान बनने के बाद से आरोपी पक्ष को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।
बीती 18 मई 2026 को भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसका मुकदमा कोतवाली में दर्ज था। इसी पुरानी रंजिश और आगामी प्रधानी चुनाव के वर्चस्व के चलते अभियुक्तों ने ब्रह्मनन्द को रास्ते से हटाने की खूनी साजिश रची थी। घटना के दिन मिर्च पाउडर डालकर उन्हें गिराया गया, जिसके बाद लोहे की गैंती और लाठी-डंडों से पीटकर उनकी हत्या कर दी गई।
पुलिस की अब तक की कार्रवाई –
गिरफ्तार 9वां अभियुक्त –
बृजेश यादव पुत्र सुरेन्द्र यादव (निवासी- भगठान, गोसाईपुर, थाना कोतवाली खलीलाबाद)।
बरामदगी: हत्या में प्रयुक्त 01 अदद डंडा।
कुल गिरफ्तारियां: इस प्रकरण में पुलिस पहले ही 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला कारागार भेज चुकी है। आज 9वें आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का लगभग पूरा पर्दाफाश कर दिया है।
