चकबंदी लेखपाल की कार्यगुजारी से काश्तकार का शोषण व उत्पीड़न, डीएम से की गई शिकायत।
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संत कबीर नगर-
आज दिनांक 21 सितम्बर 2026 को जनपद के धनघटा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मल्हेपुर में संचालित चकबंदी प्रक्रिया के दौरान तात्कालिक चकबंदी लेखपाल की मनमानी और उत्पीड़न का मामला सामने आया है।
आपको बताते चलें कि प्रार्थी दशरथ पुत्र अगनू (निवासी ग्राम मल्हेपुर, पोस्ट अश्व, टप्पा सेमरी, तहसील धनघटा) ने जिलाधिकारी महोदय को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्रार्थी ने बताया कि ग्राम मल्हेपुर में चकबंदी के दौरान गाटा संख्या और सर्वेमाप में रकबा की कमी के संबंध में सक्षम चकबंदी अधिकारी धनघटा के यहां वाद योजित किया गया था, जिस पर सुनवाई के बाद 01.08.2026 को रकबा दुरुस्त करने का आदेश पारित हुआ था।
प्रार्थी का आरोप है कि तात्कालिक चकबंदी लेखपाल पंकज यादव द्वारा आदेश पत्रावली को अमल दरआमद के बहाने अपने पास रख लिया गया और न तो अब तक अमल दरआमद किया गया और न ही पत्रावली को सी०ओ० कार्यालय सुपुर्द किया गया।
पत्रावली की आदेश की प्रति व अमल दरआमद की मांग करने पर लेखपाल पंकज यादव द्वारा 25,000 रुपये की मांग की जा रही है। विरोध करने पर लेखपाल संघ का जिलाध्यक्ष होने का रौब दिखाते हुए मेहदावल से पुनः धनघटा तैनाती कराकर खेत/चक बिगाड़ने और नाजायज उत्पीड़न करने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर विभागीय कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है।
