सहजनवां की समस्याओं को लेकर डीएम से मिले सपा जिला महासचिव रामनाथ यादव !
सहजनवां की समस्याओं को लेकर डीएम से मिले सपा जिला महासचिव रामनाथ यादव !
सहजनवां (गोरखपुर)।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव रामनाथ यादव ने सहजनवा तहसील पहुंचकर जिलाधिकारी गोरखपुर दीपक मीणा से मुलाकात की और क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
रामनाथ यादव ने सरैया से कालेश्वर तक मार्ग पर कट नहीं होने के कारण व्यापारियों और आम लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा जिलाधिकारी के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि कट की सुविधा नहीं होने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने ग्राम सभा पिपरा से तहसील होते हुए मुख्य सड़क तक जाने वाले रास्ते का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि इस रास्ते को लेकर आए दिन बंद किए जाने का अल्टीमेटम दिया जाता है, जिससे ग्रामीणों में परेशानी बनी हुई है।
इसके अलावा सहजनवा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और दवाओं की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। साथ ही गीडा में बड़ी संख्या में काम करने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर किए जाने की आवश्यकता बताई।
रामनाथ यादव ने गीडा की औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण का मुद्दा भी जिलाधिकारी के सामने रखा। उन्होंने क्षेत्र में प्रदूषण की निगरानी और लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

इस दौरान सहजनवा क्षेत्र की अन्य समस्याओं को लेकर भी जिलाधिकारी से विस्तार से वार्ता हुई। रामनाथ यादव के साथ कई स्थानीय लोग एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
