बदहाली के आगोश में मगहर का शेरपुर वार्ड: टूटी सड़कें और उफनती नालियां बनी जी का जंजाल, बीमारियों के साये में जीने को मजबूर लोग।
संत कबीर नगर- मगहर।
नगर पंचायत मगहर के मोहल्ला शेरपुर इन दिनों बदहाली का दंश झेल रहा है।जगह-जगह टूटी सड़कें और क्षतिग्रस्त नालियां वार्ड की पहचान बन गई है। सड़कों पर फैले गंदे पानी से होकर राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है।वार्ड के निवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से नाली व सड़क निर्माण कर गंदगी हटाने की मांग की है।
नगर निवासी एडवोकेट नसीम हुसैन खान व मोहल्ले के नागरिकों का कहना है कि शेरपुर वार्ड में जलनिकासी की व्यवस्था चरमरा सी गई है।जिसके कारण थोड़ी सी बरसात होते ही नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है।लोगों को कीचड़ और गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।सड़क कई जगह पर टूटने से नाली के बीच अंतर भी स्पष्ट नहीं रह जाता है। जिससे पैदल चलने वाले लोगों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है।सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को होती है। जगह-जगह गड्ढे होने से बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क और नालियों की मरम्मत की आवश्यकता महसूस की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।वहीं, वार्ड में जगह-जगह फैली गंदगी से भी लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कूड़ा-कचरा और गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इससे जानलेवा बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।लोगों ने नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग करते हुये कहा कि नगर पंचायत की ओर से वार्ड की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाना चाहिए।लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से वार्ड नंबर 10 शेरपुर में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा सड़क और नाली निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है।वार्ड की सभासद मोहसिना के पति सुहेल अख्तर ने कहा कि हां उनका वार्ड बदहाल है।जिसे चेयरमैन को अवगत कराया जा चुका है इसके बावजूद टूटी हुई सड़क और नाली का निर्माण नहीं कराया जा रहा है।जब गन्दा पानी सड़क फैल जाता है।तब उसे पम्पसेट से पानी निकलवाना पड़ता है।

