PWD पर किसान की ज़मीन जबरन हड़पने का आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार
ब्यूरो रिपोर्ट – के0 पी0 मौर्य
संतकबीर नगर।
जिले के मेंहदावल तहसील अंतर्गत लहरौली ठाकुराई गांव में सड़क निर्माण को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव के निवासी किसान हीरालाल ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर PWD और ठेकेदार पर उनकी निजी भूमि को जबरन अधिग्रहित कर सड़क बनाने का आरोप लगाया है। हीरालाल का कहना है कि उनकी भूमि गाटा संख्या 117 पर ठेकेदार द्वारा अवैध रूप से खुदाई और सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। किसान का दावा है कि सरकारी नक्शे के अनुसार, वहां कोई सड़क प्रस्तावित नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकारी नक्शे में सड़क का मार्ग पूरी तरह अलग है और वहां वर्तमान में खड़ंजा भी मौजूद है। इसके बावजूद PWD विभाग और ठेकेदार मिलीभगत कर उनकी उपजाऊ खेत को बर्बाद कर रहे हैं।
पीड़ित किसान ने जिलाधिकारी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायत में निम्नलिखित मुख्य मांगें रखी हैं:
सड़क का निर्माण सरकारी नक्शे के अनुसार ही सुनिश्चित किया जाए।
खेत के हुए नुकसान का उचित आर्थिक मुआवजा दिलाया जाए।
जबरन ज़मीन हड़पने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस घटना के बाद से क्षेत्र के किसानों में आक्रोश व्याप्त है। फिलहाल जिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा एस0 डी0 एम0 को आदेशित किया कि इस मामले पर तहकाल पूरी जांच करके रिपोर्ट प्रेषित करें।
