ब्लाक संसाधन केंद्र हैंसर में स्कूल चलो अभियान के तहत निकली रैली।
धनघटा, संतकबीर नगर ।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत अभिभावकों को जागरूक करने के लिए मंगलवार को हैसर में ब्लॉक स्तरीय रैली का आयोजन किया गया। “स्कूल चलो” के नारे के साथ निकली इस भव्य रैली को मुख्य अतिथि एवं हैसर धनघटा नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि नीलमणि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लगभग आधा दर्जन विद्यालयों के शिक्षकों और बच्चों द्वारा गाजे बाजे के साथ निकाली गई यह रैली अभिभावकों के बीच बेहद चर्चित रही।
अभियान के शुभारंभ पर संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि चेयरमैन प्रतिनिधि नीलमणि ने कहा कि शिक्षा किसी भी परिवार, समाज और राष्ट्र की मजबूती, समृद्धि और उत्थान की सबसे बड़ी बुनियाद होती है। एक शिक्षित परिवार ही समाज और राष्ट्र के नवनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस प्रेरणादायी रैली में कम्पोजिट विद्यालय सोनाड़ी, कम्पोजिट विद्यालय कोचरी, पीएम श्री विद्यालय हैंसर बाजार एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के भाव के साथ सोनाड़ी, हैंसर बाजार से होते हुए सोनडीहा तक जनजागरण रैली निकाली। हाथों में जागरूकता संदेशों से सुसज्जित तख्तियां और शिक्षा के प्रति समर्पण से ओत-प्रोत बच्चों का उत्साह यह संदेश दे रहा था कि जब समाज शिक्षा के लिए एकजुट होता है, तब विकास की नई राहें स्वयं निर्मित होती हैं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में महेश राम, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री राम करन पासवान, एआरपी उमेश चंद्र मिश्र, नितिन कुमार, इंद्रकेश, अनिल कुमार, दिग्विजय पाण्डेय सहित तमाम शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही।
