तूफानी हवा में थमी ट्रेनों की रफ्तार, जगह-जगह ट्रैक पर गिरे पेड़।
तेज हवा और बारिश से नेपालगंज-गोंडा रेलखंड ठप, कई जगह ट्रैक पर गिरे पेड़ ।
रिसिया रेलवे स्टेशन पर घंटों खड़ी रही नेपालगंज-वाराणसी ट्रेन, यात्रियों की बढ़ी परेशानी; विद्युत लाइन भी प्रभावित।
ब्यूरो चीफ दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया – बहराइच।
लगातार तेज हवा और बारिश ने नेपालगंज-गोंडा रेलखंड पर रेल यातायात की रफ्तार रोक दी है। पिछले दो दिनों से जारी खराब मौसम के कारण रिसिया-बहराइच और रिसिया-मटेरा के बीच कई स्थानों पर पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गए हैं। कई जगह पेड़ रेलवे की विद्युत लाइन पर भी गिरने से रेल संचालन प्रभावित हुआ है।
रेल यातायात बाधित होने के कारण 14214 नेपालगंज-वाराणसी ट्रेन कई घंटों तक रिसिया रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। ट्रेन में सवार यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। अचानक रेल यातायात रुकने से स्टेशन पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।
कई स्थानों पर ट्रैक पर गिरे पेड़ –
जानकारी के मुताबिक ग्राम बलभद्रपुर के चमारनपुरवा के पास यूकेलिप्टस का पेड़ रेलवे की विद्युत लाइन के तारों पर गिर गया। वहीं रिसिया-बहराइच के बीच ऊंचवा पुरैनी के पास भी रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने की सूचना है। नेपालगंज-गोंडा सेक्शन में अन्य स्थानों पर भी पेड़ गिरने से रेल यातायात प्रभावित हुआ है।
राहत और बहाली कार्य में जुटा रेलवे –
स्टेशन मास्टर अमरेश सिंह ने बताया कि गोंडा-नेपालगंज सेक्शन में कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक और विद्युत तारों पर पेड़ गिरने की जानकारी मिली है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। रेलवे की टीमें प्रभावित स्थानों पर पहुंचकर ट्रैक और विद्युत लाइन को दुरुस्त करने तथा गिरे पेड़ों को हटाने के काम में जुटी हैं।
लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच रेलवे कर्मचारियों को भी राहत एवं बहाली कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैक से अवरोध हटाए जाने के बाद ही रेल यातायात पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।
